बुंदेली क्रिकेट प्रतियोगिता युवाओं के लिए मील का पत्थर : मंत्री प्रहलाद पटेल !

Spread the love

सागर। पंचायत, ग्रामीण विकास, आवास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि खेल के मैदान में जुआ नहीं, बल्कि स्वस्थ प्रतियोगिता होनी चाहिए। खेल अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास सिखाता है तथा बुंदेलखंड के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं अत्यंत आवश्यक हैं। मंत्री श्री पटेल सागर में आयोजित बुंदेली क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे।

समारोह के दौरान मंत्री श्री पटेल ने मैच में टॉस उछालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, बुंदेली बौछार संस्था के सचिन चौधरी, अन्य जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। बुंदेली क्रिकेट प्रतियोगिता जैसे आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए भविष्य की दिशा तय करने में सहायक सिद्ध होगी।

हार भी सिखाती है आगे बढ़ने का रास्ता

मंत्री श्री पटेल ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। हार से खिलाड़ी को सीख मिलती है और वही अनुभव आगे सफलता की सीढ़ी बनता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि पराजय से निराश न हों, बल्कि निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहें।

मंत्री ने आजमाया बल्लेबाजी में हाथ

समारोह के दौरान मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने स्वयं बल्लेबाज़ी कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, जिससे मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह का माहौल बन गया।

आयोजकों ने मंत्री सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिल रही है और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *