बुरहानपुर में घरेलू विवाद ने लिया भयावह रूप, पति पर पत्नी की हत्या का आरोप !

Spread the love

बुरहानपुर। जिले के बहादरपुर गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद के चलते एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा है। महिला को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, बहादरपुर निवासी ज्योति (33) और उसके पति अरुण के बीच बीते दो दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे एक बार फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान अरुण ने पत्नी के साथ गंभीर हिंसा की, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई।

परिजनों और ग्रामीणों की मदद से ज्योति को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पहले भी मारपीट के आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अरुण आए दिन ज्योति के साथ मारपीट करता था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के समय आरोपी की मां और उसकी दो बेटियां घर पर मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी एक तेल कारोबारी के यहां वाहन चालक के रूप में काम करता है और परिवार खेती-किसानी से भी जुड़ा है।

ज्योति मूल रूप से जैनाबाद की रहने वाली थी और उसकी शादी बहादरपुर में हुई थी। दंपती की दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब पांच और छह साल बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *