बूधोन गांव में थ्रेसर हादसा, मजदूर की मौके पर मौत; परिवार के सामने हुआ दर्दनाक हादसा !

Spread the love

सागर। जिले के बांदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बूधोन में रविवार शाम खेत में थ्रेसिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बटरी की फसल की थ्रेसिंग करते समय एक मजदूर का हाथ मशीन में फंस गया और देखते ही देखते उसका सिर भी थ्रेसर की चपेट में आ गया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

हॉपर में फसल डालते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कल्याण गोंड़ (28) निवासी बूधोन, बाहरपुर निवासी राहुल सिंह के ठेके पर लिए गए खेत में मजदूरी कर रहा था। शाम के समय वह थ्रेसर के हॉपर में फसल डाल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन के अंदर चला गया।

जब तक खेत में मौजूद अन्य मजदूर और परिजन मशीन बंद कर पाते, तब तक तेज रफ्तार ब्लेडों ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

परिवार के सामने ही तोड़ा दम

घटना के समय मृतक का परिवार भी उसी खेत में काम कर रहा था। परिजनों की आंखों के सामने यह हादसा हुआ, जिससे वे गहरे सदमे में हैं। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि कल्याण अपने परिवार का मुख्य सहारा था और मजदूरी कर घर का पालन-पोषण करता था।

पुलिस पहुंची मौके पर

सूचना मिलते ही बांदरी पुलिस मौके पर पहुंची और मशीन में फंसे शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को एम्बुलेंस से मालथौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

मर्ग कायम, जांच शुरू

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों के अनुसार सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच में यह देखा जाएगा कि थ्रेसर मशीन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, अथवा यह दुर्घटना मानवीय चूक का परिणाम थी।

प्रशासन ने किसानों और मजदूरों से अपील की है कि वे कृषि कार्यों के दौरान मशीनों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षा उपायों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *