बीना के नानक वार्ड निवासी दो युवक शनिवार रात एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। राजकुमार यादव और इशाक खान बाइक से कुरवाई से लौट रहे थे, तभी गांव के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो (क्रमांक MP04 CH 2273) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि राजकुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इशाक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल इशाक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सागर रेफर कर दिया गया है। इशाक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
टीआई अनूप यादव के अनुसार पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल, घायल इशाक के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिससे हादसे की विस्तृत जानकारी मिल सके। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।