सागर।
भारतीय जनता पार्टी जिला सागर कार्यालय में आज भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रेरणादायी जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा को समर्पित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन मध्य प्रदेश भाजपा महामंत्री एवं संभाग प्रभारी श्री गौरव रणदिवे जी ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन तथा नगर निगम अध्यक्ष श्री वृन्दावन अहिरवार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

चित्र प्रदर्शनी में अटल जी के बाल्यकाल से लेकर सार्वजनिक जीवन, प्रधानमंत्री के रूप में उनके ऐतिहासिक निर्णयों, सुशासन के उदाहरणों, विदेश नीति में भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाले क्षणों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके अटूट विश्वास को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया। प्रदर्शनी ने अटल जी के संवेदनशील व्यक्तित्व, ओजस्वी वक्तृत्व और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाली सोच को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

अवलोकन के दौरान श्री गौरव रणदिवे जी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सुशासन, विकास और सर्वसमावेशी राजनीति का जो मॉडल देश को दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कहा कि अटल जी ने राजनीति को मूल्यों, मर्यादा और जनसेवा से जोड़ा और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने अटल जी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाले निर्णयों का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा आज भी भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक है। नगर निगम अध्यक्ष श्री वृन्दावन अहिरवार ने कहा कि अटल जी का जीवन हमें ईमानदारी, संवेदनशीलता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्रों के समक्ष नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।