खुरई विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा मंडलों की कोर समिति की बैठक सागर स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कोर समिति संयोजकों और सदस्यों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्य (एस.आई.आर) में सक्रिय सहयोग करें।
श्री सिंह ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी 6 भाजपा मंडलों की कोर समितियां मतदाता सूची में शामिल अनुपस्थित, स्थानांतरित तथा दिवंगत मतदाताओं के गलत नामों के विरुद्ध आपत्तियां दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले भाजपा के बीएलए-2 के पास ऐसे मतदाताओं की सूची उपलब्ध होगी, जिसका सभी सदस्य गंभीरता से अध्ययन करें और आवश्यकता अनुसार आपत्ति दर्ज कराएं।
उन्होंने विशेष रूप से मालथौन एवं बांदरी क्षेत्र के लौहगढ़िया समुदाय के घुमंतु मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें वापस आकर फार्म भरने के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि मतदाता सूची जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज में उनका नाम बना रहे।


बैठक में पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह ने शहरी आवासीय पट्टा वितरण के लिए चल रहे पात्रता सर्वे का भी उल्लेख किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कोर समिति सदस्य अपने क्षेत्रों के पात्र व्यक्तियों के आवेदन अंतिम तिथि से पहले जमा कराएं और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से समन्वय कर हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवासीय पट्टे से वंचित न रहे।
श्री सिंह ने यह भी कहा कि कोर समितियां प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से दो बैठकें करें। साथ ही क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं—जैसे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, आंगनबाड़ी, राशन दुकान और मध्यान्ह भोजन—की नियमित मॉनिटरिंग कर आवश्यक विषयों को कोर समिति के एजेंडे में शामिल करें।
बैठक में जानकारी दी गई कि रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में नवनिर्मित दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा एवं कथा आयोजन 31 जनवरी से 6 फरवरी तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। श्री सिंह ने निर्देश दिए कि इस धार्मिक आयोजन के आमंत्रण पत्र क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक प्रत्यक्ष संपर्क कर पहुंचाए जाएं तथा आमंत्रण देते समय की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की जाएं।
बैठक में सभी मंडल अध्यक्षों, कोर समिति संयोजकों एवं सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर खुरई नगर, खुरई ग्रामीण, धनौरा, बरोदियाकलां, मालथौन और बांदरी मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।