आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश मेँ जश्न का माहौल है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश सरकार के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी व छतरपुर जिले के घुवारा की बेटी क्रांति गौड़ से फोन पर बातचीत कर उन्हें और पूरी टीम को जीत की शुभकामनाएं दीं।
फोन पर बातचीत के दौरान मंत्री राजपूत ने कहा कि भारत की बेटियों ने इस ऐतिहासिक जीत से पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “बुंदेलखंड की बेटी ने विश्व पटल पर बुंदेलखंड का नाम रोशन किया है। यह पल हर भारतीय के लिए गौरव का क्षण है।”

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा क्रांति गौड़ को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए 1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई है। साथ ही मंत्री राजपूत ने आश्वस्त किया कि क्रांति गौड़ के लौटने पर प्रदेश की धरती पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
क्रांति गौड़ ने मंत्री राजपूत के फोन पर बधाई देने पर आभार व्यक्त किया और कहा कि यह विजय केवल टीम की नहीं, बल्कि हर भारतीय की है। उन्होंने कहा, “हम सबने मेहनत करके भारत के लिए नया इतिहास रचा है। बुंदेलखंड से मिली दुआएं और देशवासियों के विश्वास ने हमें मजबूत किया।”
भारत की जीत के बाद सागर सहित पूरे बुंदेलखंड में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों से लेकर युवा खेल प्रेमियों तक में उत्साह देखने को मिल रहा है।
यह जीत न सिर्फ भारतीय क्रिकेट की नई ऊँचाइयों का प्रतीक बनी, बल्कि इसने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अवसर और समर्थन मिले तो भारत की बेटियां दुनिया के हर मंच पर चमक उठती हैं।