भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर बुधवार को नगर के सभी 35 मंडलों में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान चलाया।

नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के अनुसार, सांसद शंकर लालवानी ने वीर सावरकर प्रतिमा, नगर अध्यक्ष ने महाराजा अग्रसेन प्रतिमा, विधायक रमेश मेंदोला ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रतिमा, विधायक गोलू शुक्ला ने अहिल्या देवी प्रतिमा, विधायक महेंद्र हार्डिया ने ज्योतिबा फूले प्रतिमा, और विधायक मधु वर्मा ने क्रांति सूर्य टंट्या मामा प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया। वहीं, विधायक मालिनी गौड़ ने गुरु शंकर नगर में माता मंदिर परिसर में यह अभियान संचालित किया।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चंदन नगर तिराहा स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की सफाई की। महापौर ने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा और देशभक्ति का प्रेरणास्रोत है। प्रतिमाओं की स्वच्छता कर उन्हें सम्मान देना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है और यह आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति और सम्मान की भावना विकसित करने का माध्यम भी है।

भाजपा कार्यालय पर विशेष कार्यक्रम:
शाम को भाजपा कार्यालय पर अटल जी का रंगोली चित्र बनाया जाएगा और दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही, अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीतिक जीवन, प्रधानमंत्री कार्यकाल और उनके कृतित्व से जुड़े चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसका उद्घाटन गौरव रणदीवे करेंगे।

जयंती समारोह:
25 दिसंबर को नगर के 1723 बूथों पर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई जाएगी। बूथों पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा और वक्ताओं द्वारा उनके व्यक्तित्व, कृतित्व, सुशासन और विकास कार्यों को साझा किया जाएगा।
स्वच्छता अभियान में महापौर, एमआईसी मेंबर, पार्षद और निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा परिसर को स्वच्छ, सुंदर और सम्मानजनक बनाए रखने का संकल्प लिया।