भोपाल: आईएएस सर्विस मीट का आखिरी दिन, 18 किमी साइक्लोथॉन में अफसर और परिजन हुए शामिल !

Spread the love

भोपाल, 21 दिसंबर: राजधानी भोपाल में 19 दिसंबर से चल रहे आईएएस सर्विस मीट का आज आखिरी दिन है। दिन की शुरुआत 18 किमी लंबी साइक्लोथॉन साइकिलिंग इवेंट से हुई, जिसमें प्रशासनिक अफसरों के साथ उनके परिजन भी शामिल हुए। रैली अरेरा क्लब से शुरू होकर सीएम हाउस, वन विहार नेशनल पार्क और सैर-सपाटा होते हुए वापस आयोजन स्थल पर समाप्त हुई।

इस साइक्लोथॉन में कुल 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सबसे कम उम्र की प्रतिभागी 11 वर्षीय अरण्य चौहान रहीं, जिनकी भागीदारी ने आयोजन को खास बनाया। प्रतियोगिता में पारीकी पांडला अक्षर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 38 मिनट में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। उनके विजयी जश्न के दौरान साथियों और अन्य अफसरों ने सम्मानस्वरूप पुश-अप्स लगाकर उन्हें बधाई दी।

दूसरे स्थान पर शिवराज सिंह वर्मा (एडिशनल कमिश्नर भोपाल) और अभय सिंह रहे, जिन्होंने 45 मिनट में रेस पूरी की। तीसरे स्थान पर ईशान सुमन सिंह रहे, जिन्होंने 47 मिनट में रेस पूरी की। आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार प्रतिभागियों की संख्या और उत्साह दोनों अधिक रहे।

दिनभर अरेरा क्लब में विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शाम को अवॉर्ड सेरेमनी में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पहले दिन अफसरों और उनके परिजनों ने गीत-संगीत और डांस के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई। साथ ही बोट क्लब में हुई रेस में अफसरों ने हाथों से चप्पू चलाकर तालाब में मस्ती भरा प्रदर्शन किया। मुख्य सचिव अनुराग जैन भी इस आयोजन में शामिल हुए और क्रिकेट खेलते हुए शॉट मारे।

आईएएस सर्विस मीट का यह आयोजन प्रशासनिक अफसरों और उनके परिवारों के बीच सहभागिता और खेल-कूद के माध्यम से सामूहिक उत्साह बढ़ाने का सफल प्रयास माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *