भोपाल, शाहपुरा: गुरुवार दोपहर शाहपुरा क्षेत्र में अचानक गैस लाइन लीकेज की घटना ने आसपास के इलाके में खलबली मचा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और थिंक गैस कंपनी के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और लीकेज को कंट्रोल कर बड़े हादसे को टाला गया।

घटना गुरुवार को पौने 3 बजे की बताई जाती है। शाहपुरा थाने के सामने से गुजर रही थिंक गैस की भूमिगत पाइप लाइन पर कुछ मजदूर काम कर रहे थे। संभवत: खुदाई के दौरान पाइपलाइन में दरार आ गई और गैस तेजी से बाहर निकलने लगी। गैस के प्रेशर की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र शर्मा ने बताया, “मैं दोपहर में शाहपुरा थाने के पास से गुजर रहा था। अचानक पाइपलाइन से गैस का जोरदार दबाव निकलने लगा। पास में थाना होने की वजह से पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। साथ ही बिजली कंपनी की फायर बिग्रेड भी मौके पर मौजूद हो गई। गैस कंपनी के अधिकारी भी तुरंत बुलाए गए और लीकेज को बंद कर सुधार कार्य शुरू कराया गया।”

घटना स्थल के आसपास घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं, जहां कई घरों में गैस कनेक्शन लगे हुए हैं। गैस लाइन में लीकेज होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, समय पर नियंत्रण और तुरंत कार्रवाई के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
थिंक गैस कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि लीकेज की वजह से तुरंत लाइन को बंद किया गया और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि आसपास किसी भी तरह की अनावश्यक गतिविधि न करें और कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।

स्थानीय प्रशासन ने भी इस घटना पर सतर्कता दिखाते हुए क्षेत्र को कुछ समय के लिए बंद कर दिया और राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
इस घटना से यह स्पष्ट होता है कि उचित सुरक्षा उपाय और समय पर प्रतिक्रिया बड़े हादसों को टाल सकती है।