भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुल 36 पदों के लिए 75 नामांकन फॉर्म दाखिल किए गए हैं। इनमें कई उम्मीदवारों ने एक से अधिक पदों के लिए नामांकन किया है। अब दो दिन तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 14, 15 और 16 जनवरी को नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी।
नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए मुख्य मुकाबला पूर्व अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली और कार्यकारी अध्यक्ष आकाश गोयल के बीच होने की संभावना जताई जा रही है। अन्य उम्मीदवारों गोविंद गोयल और कमल पंजवानी द्वारा नामांकन वापस लेने की भी चर्चा है। उल्लेखनीय है कि कमल पंजवानी ने उपाध्यक्ष पद के लिए भी नामांकन दाखिल किया है।
सोमवार सुबह से नामांकन पत्रों की जांच शुरू कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया को पर्यवेक्षकों डॉ. पीसी कोठारी और वैभव जैन सहित उनकी टीम द्वारा संपन्न कराया जा रहा है।

किस पद पर कितने उम्मीदवार
- अध्यक्ष (1 पद): 4 उम्मीदवार
- उपाध्यक्ष (4 पद): 9 उम्मीदवार
- महामंत्री (1 पद): 3 उम्मीदवार
- मंत्री (3 पद): 9 उम्मीदवार
- कोषाध्यक्ष (1 पद): 2 उम्मीदवार
- सह कोषाध्यक्ष (1 पद): 3 उम्मीदवार
- अतिरिक्त कोषाध्यक्ष (1 पद): 2 उम्मीदवार
- कार्यकारिणी (24 पद): 42 उम्मीदवार

प्रमुख पदों के लिए मैदान में उम्मीदवार
अध्यक्ष: तेजकुलपाल सिंह पाली, गोविंद गोयल, आकाश गोयल, कमल पंजवानी
उपाध्यक्ष: प्रदीप कुमार अग्रवाल, आदित्य जैन मन्या, अरविंद जैन सुपारी, कमल पंजवानी, अजय देवनानी, ललित तांतेड़, सुनील सिंघई, अमित गोयल, हरीश ज्ञानचंदानी
महामंत्री: कृष्णकुमार बांगड़, विनोद जैन, ललित तांतेड़
मंत्री: अमित कुमार जैन, अजय देवनानी, मनोज सक्सेना, संजीव जैन गेहूं, रोहित जैन, शैलेष प्रधान, अमित गोयल, प्रदीप सेवानी, सुनील जैन जैनाविन
कोषाध्यक्ष: प्रदीप सेवानी, घनश्याम थारानी
सह कोषाध्यक्ष: गोपाल सोनी, हेमंत अग्रवाल, अमितकुमार बिंदल
अतिरिक्त कोषाध्यक्ष: अजय गुप्ता, अमित कुमार बिंदल
कार्यकारिणी: 42 उम्मीदवार (विभिन्न व्यापारिक पृष्ठभूमि से)

आगे की चुनावी समय-सारिणी
- 12–13 जनवरी (शाम 5 बजे तक): नामांकन पत्रों की जांच
- 14–16 जनवरी: नाम वापसी
- 17 जनवरी: अंतिम उम्मीदवार सूची का प्रकाशन
- 1 फरवरी: सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान
- 2 फरवरी: सुबह 8 बजे से मतगणना और परिणाम

मानस भवन में मतदान और मतगणना
चुनाव पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन में होंगे। 1 फरवरी को मतदान और 2 फरवरी को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
व्यापारिक समुदाय में चुनाव को लेकर उत्साह है और अध्यक्ष पद पर संभावित सीधा मुकाबला इस चुनाव को और रोचक बना रहा है।