भोपाल। भोपाल नगर निगम परिषद की ताजा बैठक में शहरवासियों से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए। इन प्रस्तावों में व्यक्तिगत जल कनेक्शन, विवाह पंजीयन शुल्क में राहत और अमृत 2.0 योजना शामिल हैं। बैठक में इन प्रस्तावों पर चर्चा हुई, वहीं स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने के मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन और हंगामे के बीच बैठक में विवाद का माहौल भी देखने को मिला।
पारित हुए प्रस्ताव
1. व्यक्तिगत जल कनेक्शन:
कॉलोनियों में बल्क कनेक्शन की जगह व्यक्तिगत नल कनेक्शन देने का प्रस्ताव पारित हुआ। योजना के अनुसार, यदि कॉलोनी के 70% से अधिक लोगों की सहमति मिलती है तो सिंगल कनेक्शन दिया जाएगा। इससे पानी की लागत कम होगी और बिलों से जुड़ी परेशानियां घटेंगी।

2. विवाह पंजीयन शुल्क में राहत:
विवाह पंजीयन शुल्क में बड़ा बदलाव किया गया। अब 30 दिन के भीतर आवेदन करने पर शुल्क केवल 130 रुपए होगा। पहले विलंब शुल्क समेत यह राशि 5 हजार रुपए तक पहुंच जाती थी। 30 दिन बाद आवेदन करने पर अधिकतम शुल्क 1100 रुपए ही देना होगा।

3. अमृत 2.0 योजना:
शहर में जलप्रदाय और सीवरेज सुधार से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट अमृत 2.0 के तहत प्रस्तावित हैं। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी के साथ कुछ राशि ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से जुटाई जाएगी।
बैठक में विवाद और विरोध प्रदर्शन
बैठक की शुरुआत स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने के मुद्दे पर हंगामे के बीच हुई। कांग्रेस पार्षद पोस्टर लेकर महापौर और एमआईसी से इस्तीफा की मांग करने पहुंचे। भोजन अवकाश के बाद बैठक पुनः शुरू हुई, लेकिन कांग्रेस पार्षदों ने विरोध जताते हुए वॉकआउट किया।

बीजेपी के पार्षद देवेंद्र भार्गव ने जैकेट पर कागज चस्पा कर गोमांस का विरोध किया, जबकि वरिष्ठ पार्षद सुरेंद्र बाठिका और पप्पू विलास घाड़गे समेत कई पार्षदों ने आपत्ति जताई। एमआईसी सदस्य आरके सिंह बघेल ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और उच्च स्तरीय समिति गठन की मांग की।
बैठक के दौरान शहर में हिंदू संगठनों ने भी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि नगर निगम के पशु चिकित्सक बेनी प्रसाद गौर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।