भोपाल। राजधानी भोपाल के नारियलखेड़ा क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त तनाव का माहौल बन गया, जब गोलघर मैदान में मवेशी के अवशेष मिलने की सूचना सामने आई। मवेशी की कटी हुई गर्दन सहित अन्य अवशेष मिलने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गोलघर मैदान में मिले अवशेष
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 12 के अंतर्गत आने वाले नारियलखेड़ा गोलघर मैदान में शनिवार दोपहर स्थानीय लोगों ने मवेशी के अवशेष देखे। घटना की खबर मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती चली गई, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

अर्थी निकालकर जताया विरोध
प्रदर्शन कर रहे हिंदू संगठनों के लोगों ने नारियलखेड़ा गोलघर मैदान से लेकर थाना गौतम नगर तक मवेशी के अवशेषों की अर्थी निकाली। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चलता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही टीआई महेंद्र सिंह ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में ही हिंदू संगठनों ने अवशेषों की अर्थी निकाली और विरोध दर्ज कराया।

थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात
कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए थाना गौतम नगर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। नारियलखेड़ा से पुराने भोपाल स्थित गौतम नगर थाने तक पैदल पहुंचे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने संयमित तरीके से नियंत्रित किया।
पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी जारी है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।