भानपुर चौराहे पर शनिवार देर रात एक युवती ने ऐसा हंगामा किया कि मौके पर मौजूद लोग और पुलिस दोनों सकते में आ गए। युवती ने खुद को प्रतिष्ठित मीडिया समूह की पत्रकार बताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी और पुलिस की कार्यवाही में बाधा डाली।
मामला बाइक-ट्रक एक्सीडेंट का था
पुलिस के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे जाटखेड़ी निवासी 26 वर्षीय अमन साहू अपने घर जा रहे थे। उसी समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि अमन साहू बाइक समेत ट्रक के चक्के में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव निकालने के लिए क्रेन बुलवाई। इसी दौरान आरती रजक नाम की युवती घटनास्थल पर पहुंच गई और शव की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा रोकने के बावजूद वह उलझती रही और मौके पर मौजूद लोगों को भड़काने की कोशिश करने लगी।
युवती ने खुद को पत्रकार बताया, पुलिस से बहस
थाने से मिली जानकारी के अनुसार, युवती ने खुद को मीडिया का प्रतिनिधि बताते हुए नारेबाजी शुरू की। पुलिस ने पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा, लेकिन युवती कोई आईडी नहीं दिखा सकी। इसके बजाय वह कैमरे की ओर देखकर अपना नाम आरती रजक बताती रही और पुलिस को घेरने की कोशिश करती रही।
पूरे घटनाक्रम के दौरान युवती बिना हेलमेट स्कूटी चलाकर मौके पर आई थी। स्कूटी का नंबर MP 04 UF 3704 बताया गया है। पुलिस का कहना है कि युवती न केवल सरकारी काम में बाधा डाल रही थी बल्कि यातायात नियमों की भी अनदेखी कर रही थी।

एक घंटे तक चले ड्रामे के बाद युवती वहां से चली गई
वीडियो फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद युवती लगातार हंगामा करती रही। वह आसपास खड़े लोगों को भी पुलिस के खिलाफ भड़काने की कोशिश करती रही। लगभग एक घंटे तक चले वाद-विवाद और हंगामे के बाद युवती स्कूटी लेकर घटनास्थल से चली गई।
पुलिस ने FIR दर्ज की
छोला मंदिर थाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं में युवती के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। थाना अधिकारियों ने बताया कि युवती ने शव निकालने और पंचनामा जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों में बाधा डाली, जिससे कार्रवाई में देरी हुई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सिर्फ पत्रकार होने का दावा करने से कोई व्यक्ति सरकारी कार्य में बाधा नहीं डाल सकता। पहचान, अनुमति और नियमों का पालन करना आवश्यक है, जो इस मामले में नहीं हुआ।