तीन महीने की साजिश, विश्वास का गला घोंटकर लूट की वारदात
भोपाल/विदिशा। बैरसिया थाना क्षेत्र के सुंदरपुरा गांव के पास जंगल में 64 वर्षीय किसान मोकेम सिंह यादव की हुई हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। यह हत्या किसी बाहरी हमलावर ने नहीं बल्कि गांव के ही एक परिचित युवक ने की थी, जिसने तीन महीने तक बुजुर्ग किसान के साथ रहकर उनका विश्वास जीता और फिर लूट की नीयत से उनकी गला घोंटकर हत्या कर द

कैसे हुआ खुलासा
26 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि सिरोंज-विदिशा रोड पर सुंदरपुरा गांव के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति की लाश पड़ी है। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी वीरेन्द्र सेन और उनकी टीम ने देखा कि मृतक के गले में गमछा कसकर बांधा गया था, जबकि नाक और मुंह से खून बह रहा था। आसपास बिखरे आधार कार्ड और फोटो से मृतक की पहचान विदिशा जिले के ग्राम पीपलधार निवासी किसान मोकेम सिंह यादव के रूप में हुई।
फॉरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि यह एक योजनाबद्ध हत्या थी। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
कातिल था अपना ही जानकार
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पिछले कुछ महीनों से मोकेम सिंह का उठना-बैठना गांव के ही 28 वर्षीय युवक दिनेश अहिरवार से काफी बढ़ गया था। पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया।
दिनेश ने स्वीकार किया कि उसने ही किसान की हत्या की है। कारण सिर्फ लूट था। उसे जानकारी थी कि मोकेम सिंह हमेशा जेब में 20 से 30 हजार रुपए नकद रखते हैं और हाल ही में जमीन की बिक्री के बाद उनके पास और भी पैसा आया है।
तीन महीने की सोची-समझी साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दिनेश ने करीब तीन महीने तक किसान के साथ घुल-मिलकर उनका विश्वास हासिल किया। वह हर जगह उनके साथ जाने लगा ताकि उनकी आदतों और दिनचर्या को अच्छे से समझ सके।
घटना वाली रात दिनेश ने किसान को बैरसिया चलकर खाना खाने का लालच दिया। अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर वह उन्हें सुंदरपुरा गांव के पास सुनसान इलाके में ले गया। वहां पहले उसने मारपीट की और फिर गमछे से गला घोंटकर उनकी जान ले ली।
हत्या के बाद उसने जेब से 33 हजार 400 रुपए निकाले और मौके से फरार हो गया।

लूटे पैसे, लेकिन रह गई बड़ी रकम छिपी
आरोपी दिनेश को लगा कि उसने किसान के सारे पैसे लूट लिए हैं। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि किसान की दूसरी जेब में 21 हजार रुपए और रखे हुए थे, जिनका हत्यारे को अंदाजा तक नहीं था।
आरोपी गिरफ्तार, रकम बरामद
पुलिस ने आरोपी दिनेश अहिरवार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 33 हजार 400 रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दिनेश ने किसान की हत्या सिर्फ लालच और पैसों की चाह में की थी।
किसान की पहचान और जीवनशैली
मोकेम सिंह यादव अपने गांव में एक संपन्न और प्रतिष्ठित किसान माने जाते थे। उन्होंने हाल ही में अपनी जमीन करीब एक करोड़ रुपए में बेची थी। वह शराब से दूर रहते थे, लेकिन अच्छे खाने और घूमने-फिरने के शौकीन थे। यही वजह थी कि गांव में उनकी अच्छी-खासी पहचान और इज्जत थी।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दिनेश पर हत्या और लूट का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की तैयारी की जा रही है।