भोपाल (मध्यप्रदेश) — राजधानी भोपाल में आयोजित फेमिना मिस इंडिया–2026 के स्टेट ग्रैंड फिनाले में सिवनी की धनुश्री चौहान ने विजेता का ताज अपने नाम किया। “Sustainability-First, Zero-Waste Event” थीम पर आधारित इस आयोजन में पूरे प्रदेश से चुनी गईं 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्टेट क्राउन जीतने के बाद धनुश्री अब राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
पहली बार मध्यप्रदेश में स्टेट ग्रैंड फिनाले
60 से अधिक वर्षों की विरासत वाला फेमिना ब्रांड पहली बार मध्यप्रदेश में अपने स्टेट ग्रैंड फिनाले के साथ पहुंचा। इससे पहले प्रतिभागियों को सीधे राष्ट्रीय स्तर पर मौका मिलता था, लेकिन अब राज्यों को स्टेट लेवल प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता को स्टेट क्राउन देने का अधिकार दिया गया है।
फेमिना की सिटी डायरेक्टर अपेक्षा श्रीवास्तव ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह आयोजन प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि यही वह पहली सीढ़ी है, जिस पर चलकर कई भारतीय प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है, जैसे प्रियंका चोपड़ा, ऐश्वर्या राय और हरनाज संधू।

150 प्रतिभागियों में से 16 फाइनलिस्ट
पूरे मध्यप्रदेश से लगभग 150 प्रतिभागियों ने ऑडिशन में हिस्सा लिया था। विभिन्न स्क्रीनिंग और राउंड के बाद 16 प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया।
इस बार खास बात यह रही कि प्रतिभागी केवल भोपाल और इंदौर से ही नहीं, बल्कि रतलाम, शामगढ़, छिंदवाड़ा जैसे छोटे शहरों से भी थीं। किसान परिवार की बेटियों से लेकर अलग-अलग प्रोफाइल की युवतियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाई।
प्रतिभागियों को मंच पर आत्मविश्वास से प्रस्तुति देने, इंटरव्यू फेस करने और पब्लिक इवेंट में अपनी कला को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

“सस्टेनेबिलिटी-फर्स्ट” थीम की खासियत
इस वर्ष का आयोजन “Sustainability-First, Zero-Waste Event” कॉन्सेप्ट पर आधारित था। कार्यक्रम में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)’ पहल को जोड़ा गया और स्थानीय कारीगरों व हस्तशिल्प को “इको पार्टनर” के रूप में शामिल किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इसका उद्देश्य फैशन और सौंदर्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।

भोपाल की विरासत से जुड़ा आयोजन
इस भव्य कार्यक्रम का संचालन ब्राइट स्टेज संस्था द्वारा किया गया, जिसकी फाउंडर डायरेक्टर निखिला गुप्ता हैं। आयोजन को भोपाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से भी जोड़ा गया।
विशेष रूप से रानी कमलापति और भोपाल की प्रगतिशील बेगमों की परंपरा को ध्यान में रखते हुए महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक गौरव को मंच पर प्रदर्शित किया गया। आयोजकों ने इसे केवल ब्यूटी पेजेंट नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का उत्सव बताया।

निकिता पोरवाल का संदेश: “फैशन एक कहानी है”
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विजेता निकिता पोरवाल ने कहा कि फैशन केवल ट्रेंड नहीं, बल्कि अपनी पहचान और संस्कृति की कहानी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एक जनजातीय समृद्ध राज्य है और यदि युवा अपनी सांस्कृतिक पहचान को अपने परिधान और प्रस्तुति में शामिल करें, तो वही सबसे अलग और प्रभावशाली फैशन बन सकता है।