भोपाल में ब्यूटीशियन ने दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के दबाव का लगाया आरोप !

Spread the love

राजधानी भोपाल में छत्तीसगढ़ की 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने तीन युवकों पर दुष्कर्म और एक महिला पर धर्म परिवर्तन के दबाव का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद रविवार रात बागसेवनिया थाना में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


होटल में मुलाकात, फिर साथ रहने लगीं

पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर 2024 को शाहपुरा स्थित एक होटल में दोस्त की जन्मदिन पार्टी के दौरान पीड़िता की मुलाकात एक युवती से हुई। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे साथ रहने लगीं।

जनवरी 2025 में दोनों बागसेवनिया क्षेत्र में रहने वाली अमरीन उर्फ माहिरा के पास शिफ्ट हो गईं। कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि उसकी सहेली ने अमरीन के कहने पर धर्म परिवर्तन कर उसके भाई से शादी कर ली है।


घुमाने के बहाने दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि अगस्त 2025 में अमरीन के करीबी चंदन यादव ने अपनी बहन से मिलाने के बहाने उसे ले जाकर धमकाया और दुष्कर्म किया। बदनाम करने की धमकी देकर उसे चुप कराया गया। इसके बाद अलग-अलग समय पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे छोटे कपड़े पहनाकर शहर के पब-लाउंज में ले जाया जाता था और अनजान लोगों से मेलजोल बढ़ाने का दबाव बनाया जाता था। इसी दौरान उस पर इस्लाम धर्म स्वीकार करने का दबाव डाला गया।


नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का आरोप

नवंबर 2025 में अमरीन उसे गांधी नगर स्थित अब्बास नगर में अपने परिजनों से मिलाने ले गई। वहां अमरीन के भाई बिलाल पर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने का आरोप है। विरोध करने पर शादी के लिए दबाव बनाया गया।


अहमदाबाद में भी वारदात का आरोप

दिसंबर 2025 में अमरीन उसे निजी काम का हवाला देकर अहमदाबाद ले गई। वहां यासिर नामक युवक से मिलवाया गया, जिस पर भी दुष्कर्म का आरोप है।

जनवरी 2026 में पीड़िता भोपाल छोड़कर छत्तीसगढ़ में अपने मामा के घर चली गई। हाल ही में सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान एक अन्य युवती ने भी अमरीन और उसके साथियों पर इसी तरह के आरोप लगाए। इसके बाद पीड़िता भोपाल लौटी और थाने में शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चार आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मेडिकल परीक्षण और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

इस मामले ने राजधानी में एक बार फिर महिला सुरक्षा और संगठित शोषण की आशंकाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *