भोपाल में सेप्टिक टैंक से मिली महिला की लाश, प्रेमी और उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप !

Spread the love

भोपाल। राजधानी के कमल नगर इलाके में सेप्टिक टैंक से बक्से में बंद मिली महिला की लाश की पहचान पुलिस ने कर ली है। मृतका की पहचान अशरफी उर्फ सिया (33) निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद वह भोपाल आई थी और अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। प्रेमी पहले से शादीशुदा था। घरेलू विवाद के चलते उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था रिश्ता

एसआई श्रीकांत दिवेदी के अनुसार, सिया की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कमल नगर निवासी समीर से हुई थी। बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद सिया भोपाल आकर समीर के घर में रहने लगी।

समीर पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। एक ही घर में पत्नी और प्रेमिका के साथ रहने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनती थी।

तीन दिन पहले की हत्या

पुलिस के अनुसार, करीब तीन दिन पहले समीर ने सिया के साथ मारपीट की और कथित रूप से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे टीन के बक्से में भरकर घर के पास स्थित सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया।

गुरुवार शाम स्थानीय रहवासियों ने टैंक में एक संदिग्ध बक्सा तैरता देखा। बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। जब बक्सा निकाला गया तो उसमें महिला का शव मिला। शव फूलने के कारण पानी की सतह पर आ गया था।

पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध

पुलिस जांच में समीर की पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात में उसने भी सहयोग किया। फिलहाल समीर और उसकी पत्नी दोनों फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

अन्य परिजनों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थाना प्रभारी पटवा के अनुसार, शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और काफी हद तक डिकम्पोज हो चुका था। शरीर पर स्पष्ट चोट के निशान नहीं दिखे हैं। महिला प्लाजो पहने हुए थी। उसके हाथ पर ‘दीप’ नाम का टैटू और 26 मई 1992 की तारीख लिखी हुई है, जिसे जन्मतिथि माना जा रहा है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का मामला विधिवत दर्ज किया जाएगा। रिपोर्ट से मौत के सही कारण का खुलासा होगा।

पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच

पुलिस के अनुसार, सिया पूर्व में महाराष्ट्र और राजस्थान में तीन अलग-अलग व्यक्तियों से विवाह कर चुकी थी। वह पिछले तीन महीनों से समीर के साथ भोपाल में रह रही थी।

मृतका के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक संपर्क नहीं हो सका है।

यह मामला सोशल मीडिया पर शुरू हुए रिश्ते के दर्दनाक अंत की कहानी बन गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *