भोपाल में हिस्ट्रीशीटर युवक पर जानलेवा हमला, हथौड़े-सब्बल से हाथ-पैर कुचले !

Spread the love

भोपाल के कोलार इलाके में रविवार सुबह एक युवक पर बदमाशों ने बेहद बेरहमी से हमला कर दिया। हथौड़े, सब्बल और डंडों से किए गए इस हमले में युवक के हाथ-पैर कुचल दिए गए। हमलावर तब तक उसे पीटते रहे, जब तक वह बेसुध होकर सड़क पर गिर नहीं गया। इसके बाद बदमाश युवक की कार में तोड़फोड़ कर मौके से फरार हो गए। घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

हमले में घायल युवक की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार कुलदीप निगरानीशुदा बदमाश और हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर रीवा और जबलपुर में हत्या, मारपीट, रंगदारी, बलवा और अवैध हथियार रखने सहित कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कुलदीप शुक्रवार को भोपाल अपनी मंगेतर से मिलने आया था। उसकी मंगेतर कोलार के नेताजी हिल्स इलाके में रहती है और पेशे से डेंटिस्ट है। दोनों की 6 फरवरी को सगाई होनी है। रविवार को कुलदीप अपनी कार से कहीं जा रहा था, तभी बदमाशों ने बिना नंबर की दो कारों से उसका रास्ता रोक लिया। एक कार आगे और दूसरी पीछे लगाकर उसे घेर लिया गया।

इसके बाद बदमाशों ने कुलदीप को कार से बाहर घसीटकर निकाला और उस पर हमला कर दिया। हथौड़े और सब्बल से उसके हाथ-पैर पर वार किए गए, जिससे उसकी हड्डियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हमलावरों ने लाठियों से भी जमकर पिटाई की। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कई लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई। वायरल वीडियो में एक युवती हमलावरों को ललकारती नजर आ रही है।

हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल कुलदीप को तत्काल बंसल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे गहन निगरानी में रखा गया है। पुलिस अस्पताल में उसके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि वारदात के तरीके को देखते हुए यह पुरानी रंजिश का मामला लग रहा है। आशंका है कि बदमाशों ने पहले से कुलदीप की रेकी की थी और सही मौका मिलते ही हमला किया। पुलिस ने रीवा पुलिस से भी संपर्क किया है, ताकि कुलदीप के पुराने विवादों और दुश्मनों की जानकारी जुटाई जा सके।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *