भोपाल: ईदगाह हिल्स के पीएनबी कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में बुधवार रात लगभग 10.30 बजे 10 महीने की एक बच्ची पानी से भरी बाल्टी में डूबने से गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बच्ची खेलते-खेलते बाथरूम चली गई थी और मुंह के बल पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। करीब 10 मिनट बाद जब उसकी मां ने देखा, तो बच्ची का चेहरा नीला पड़ चुका था।
घटना के समय परिवार में माता-पिता और 5 साल का बेटा मौजूद थे। बच्ची की मां किचन में व्यस्त थी और थोड़ी देर तक बच्ची नजर नहीं आई। जब मां ने बेटे से पूछा, तो उसने बहन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद मां ने बाथरूम जाकर देखा तो बच्ची पानी की बाल्टी में डूबी हुई थी।

परिवार के मुताबिक, पिता करण सिंह जाटव को तुरंत घटना की जानकारी दी गई। दोनों ने बच्ची को फौरन हमीदिया अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
मृतका के मामा संदीप ने बताया कि बच्ची के पांव ऊपर थे और सिर पूरी तरह पानी में डूबा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही शाहजहांनाबाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्चुरी में रखा और मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम करवाया। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज नहीं किए हैं।
शाहजहांनाबाद थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हादसे के हर एंगल को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बालकों की सुरक्षा के लिए घर में सावधानी बरतें और पानी या अन्य खतरनाक वस्तुओं के पास उन्हें अकेला न छोड़ें।