भोपाल में 4 हजार जगहों पर विराजे प्रथम पूज्य श्रीगणेश, 250 बड़ी झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र;

Spread the love

भोपाल। राजधानी भोपाल में बुधवार को गणेशोत्सव की धूम देखने को मिली। शहरभर में करीब 4 हजार स्थानों पर प्रथम पूज्य श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गईं, जिनमें से लगभग 250 बड़ी झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। वहीं, घर-घर में भी भक्त ढोल-ढमाकों के साथ गणपति बप्पा को विराजमान कर श्रद्धा और उल्लास से स्वागत किया गया।

निगम करेगा पूजन सामग्री संग्रह

गणेशोत्सव के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने हर झांकी से रोजाना निर्माल्य (पूजन सामग्री) इकट्ठा करने की व्यवस्था की है। इसके लिए विशेष वाहनों की तैनाती की गई है। बड़े पंडालों में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन

मालाखेड़ी क्षेत्र में भी प्रथम पूज्य श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की गई, जहां अगले 10 दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसी तरह धर्म कांटा छोला रोड और अन्य क्षेत्रों में भी गणेशोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

बाजारों में रौनक

गणेशोत्सव से पहले मंगलवार को शहरभर में 200 से अधिक जगहों पर बाजार लगे। यहां से श्रद्धालु मूर्तियां और पूजन सामग्री खरीदकर ले गए। बुधवार को भी न्यू मार्केट, चौक, जुमेराती, करोंद, कोलार रोड, अटल पथ, रोशनपुरा, 10 नंबर मार्केट, नेहरू नगर और जवाहर चौक जैसे क्षेत्रों में भक्तों की भीड़ देखी गई। मूर्तियों के साथ लड्डू, फल, हार-फूल और नारियल की बिक्री भी जोर-शोर से हुई।

अनोखी मूर्तियां बनी आकर्षण

इस बार बाजार में पारंपरिक मूर्तियों के साथ-साथ अयोध्या में श्रीराम की प्रतिमा के आसन रूप में तैयार गणेश प्रतिमाएं और राम दरबार रूपी मूर्तियां भी उपलब्ध हैं, जो श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *