जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज, सांसद करेंगे समीक्षा
भोपाल।
राजधानी भोपाल में लंबे समय से अधूरे पड़े विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा के लिए मंगलवार को जिला पंचायत के मीटिंग हॉल में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में भोपाल सांसद आलोक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।

मेट्रो पर विशेष फोकस
इस बैठक में सबसे अहम मुद्दा भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट का रहेगा। प्रस्ताव है कि अक्टूबर तक मेट्रो का संचालन शुरू किया जाए, लेकिन कई स्थानों पर कार्य अधूरे हैं। बैठक में तय किया जाएगा कि शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में कैसे पूरा किया जाए ताकि राजधानी के लोगों को जल्द मेट्रो की सुविधा मिल सके।
पिछली बैठक में हुई थी नाराजगी
गौरतलब है कि पिछली बैठक 28 मार्च को हुई थी, लेकिन उसमें निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण की अनुपस्थिति और समीक्षा एजेंडे को लेकर गफलत के कारण सांसद आलोक शर्मा नाराज होकर बैठक छोड़कर चले गए थे। इसके बाद बैठक स्थगित कर दी गई थी। अब लगभग साढ़े चार महीने बाद यह बैठक हो रही है, जिससे कई लंबित विषयों पर चर्चा संभव होगी।
इन विषयों पर होगी चर्चा
बैठक में मेट्रो प्रोजेक्ट के अलावा स्मार्ट सिटी मिशन, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली कंपनी, जल संसाधन, आबकारी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि, सामाजिक न्याय और शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
बड़ा तालाब और अतिक्रमण का मुद्दा
बैठक का एक और अहम एजेंडा बड़ा तालाब के 50 मीटर दायरे में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर होगा। सांसद शर्मा अधिकारियों से यह जानना चाहेंगे कि तालाब की सीमा का सीमांकन कहां तक हुआ है और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए क्या निगरानी व्यवस्था बनाई गई है। यह मुद्दा पर्यावरण संरक्षण और शहर की जल सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विकास की दिशा में मंथन
बैठक से उम्मीद की जा रही है कि राजधानी के बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर ठोस निर्णय लिए जाएंगे। खासकर मेट्रो के समय पर संचालन और स्मार्ट सिटी मिशन के अधूरे कामों को पूरा करने पर रणनीति बनेगी। सांसद आलोक शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि विकास कार्यों में अब देरी न हो और जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।