भोपाल: लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के 11वें सत्र का शुभारंभ, पहले दिन कई खिलाड़ियों ने की जीत !

Spread the love

भोपाल। लाल परेड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के 11वें सत्र का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में पार्थ तिवारी, देवेंद्र गोलिया, अमिताव मिश्रा और ओम सोनी ने अपने-अपने शुरुआती मैच जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश किया

छह दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन लाल परेड ग्राउंड स्पोर्ट्स क्लब द्वारा पुलिस जिम्नेजियम हॉल, जहांगीराबाद में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह रिटायर्ड डीजी पवन जैन की अध्यक्षता में हुआ, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में रिटायर्ड डीजी डॉ. शैलेन्द्र श्रीवास्तव मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में स्पेशल डीजी एमके झा, रिटायर्ड डीजीपी (झारखंड) केएन चौबे, रिटायर्ड एडीजी विपिन माहेश्वरी, मदन कुमार (आईएएस), डीआईजी पंकज श्रीवास्तव और एसपी क्राइम शैलेन्द्र चौहान उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि डॉ. शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से अपने क्लब की सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने और खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने का असली मकसद केवल जीतना नहीं बल्कि खेल के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और फिटनेस बनाए रखना भी है।

आयोजन सचिवों में गोपाल धाकड़, मोहित वरवंडकर, रामवीर सिकरवार, गिरीश मनचंदा, मनोज गुप्ता, पवन भदौरिया, डॉ. राजीव सक्सेना और विकास सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी।

प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी अगले छह दिनों तक अलग-अलग वर्गों में मुकाबले खेलेंगे। पहले दिन की जीत के साथ ही खिलाड़ी दूसरे दौर में प्रवेश कर चुके हैं, जिससे टूर्नामेंट में रोमांच बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *