भोपाल: सायाजी होटल के स्टोर रूम में लगी आग, टेंट का सामान जलकर राख !

Spread the love

भोपाल | भदभदा क्षेत्र में स्थित सायाजी होटल के स्टोर रूम में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर स्टोर रूम में रखा टेंट का सामान, चादरें और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। आग पर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। घटना के चलते होटल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सायाजी होटल सैर सपाटा के ठीक सामने स्थित है। होटल कैंपस के आगे की ओर बने स्टोर रूम में सोमवार सुबह जनरेटर चालू था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से वहां रखे टेंट, कपड़े और अन्य सामान में आग लग गई। आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही माता मंदिर समेत आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। नगर निगम और पुलिस का अमला भी घटनास्थल पर मौजूद रहा। कपड़ों में आग लगने के कारण लपटें करीब 10 फीट तक ऊपर उठती दिखाई दीं, जबकि धुआं भदभदा ब्रिज से भी नजर आ रहा था।

आग को फैलने से रोकने के लिए होटल कर्मचारी भी तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

बताया जा रहा है कि घटना के समय होटल में कई यात्री ठहरे हुए थे, लेकिन स्टोर रूम और मुख्य होटल भवन के बीच करीब 50 मीटर की दूरी होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *