मतदाता जागरूकता का महाअभियान: आज से एसआईआर की बारी !

Spread the love

लोकतंत्र को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में भारत निर्वाचन आयोग ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। आधुनिक दौर में जब घर बैठे वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति सामान्य बन चुकी है, ऐसे समय में मतदाता सूची को शुद्ध और सटीक बनाने के लिए आयोग ने घर-घर जाकर जानकारी संग्रहित करने का निर्णय लिया है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक ब्लॉक लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) प्रत्येक पात्र नागरिक के घर पहुंचकर डेटा सत्यापित करेंगे और नए मतदाताओं के पंजीकरण को सुनिश्चित करेंगे।

स्‍वीप आईकॉन सारिका घारू ने सागर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में यह जानकारी साझा की। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस जनजागरण अभियान में गीत, पपेट शो और विभिन्न मनोरंजक तरीकों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया।

सारिका ने बताया कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध करना है ताकि कोई पात्र नागरिक वोट डालने के अधिकार से वंचित न हो और कोई अपात्र नाम सूची में दर्ज न रह जाए। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि बीएलओ के घर आने पर आवश्यक दस्तावेज जैसे नया रंगीन फोटो, पहचान पत्र और वोटर कार्ड तैयार रखें एवं पूरी और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं को प्रेरित किया जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण होगी, कि वे भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु आवेदन करें।

सारिका घारू ने यह भी उल्लेख किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य 21 वर्ष बाद किया जा रहा है। वर्ष 1951 से 2004 तक ऐसे आठ पुनरीक्षण अभियान संचालित किए जा चुके हैं और अब लंबे अंतराल के बाद इसे फिर से शुरू किया गया है, जो मतदाता सूची की शुद्धता और जनभागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहयोग करें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं और मतदान प्रणाली को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

“लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब हर पात्र मतदाता सूची में शामिल हो और अपना मतदान अधिकार उपयोग करे।”
यही संदेश कार्यक्रम के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *