मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सागर में उपलब्धियों का बखान किया !

Spread the love

सागर। मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज सागर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में प्रेस वार्ता कर प्रदेश में सरकार की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सरकार विकास के प्रत्येक क्षेत्र में कार्य कर रही है और किसी भी क्षेत्र में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है।

उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से शुरू की गई है। एक लाख करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना से बुंदेलखंड के खेतों में सिंचाई और लोगों को पेयजल की उपलब्धता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि सागर के मसवासी ग्रांट क्षेत्र में 1500 एकड़ में बनने वाला बड़ा औद्योगिक क्षेत्र क्षेत्र के आर्थिक विकास में मदद करेगा। इसके लिए लगभग 25,000 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और 540 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। परियोजना के पूरा होने से लगभग 29,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में दमोह, पन्ना, छतरपुर और कटनी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और सागर में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के न्यूरोसर्जरी विभाग की मंजूरी के माध्यम से सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही बीएमसी में कैंसर अस्पताल के लिए 70 करोड़ रुपए और कैंसर उपचार के लिए 50 करोड़ रुपए की मशीन भी लाई जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने अंग प्रत्यारोपण और अंगदान को बढ़ावा देने वाली सीएम केयर योजना का भी उल्लेख किया। अब मध्यप्रदेश में अंगदान के लिए मरीजों को दूसरे प्रदेशों में नहीं जाना पड़ता, और अंगदाता एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।

सड़क निर्माण और यातायात सुधार पर भी उन्होंने जानकारी दी। सागर के आसपास 20 किलोमीटर बाईपास रोड का भू-अर्जन शुरू हो गया है। 2026 तक भोपाल-सागर फोर लाइन सड़क का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो जाएगा और 2027 तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण होकर फोरलाइन सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही सागर-दमोह फोरलाइन सड़क के लिए लगभग 2069 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए राजेन्द्र शुक्ल ने अवैध शराब और नशे पर प्रभावी कार्रवाई का निर्देश दिया और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने अनुकंपा नियुक्तियों के प्रकरणों को समय पर निपटाने के लिए सरकार की संवेदनशीलता और कलेक्टर द्वारा शुरू की गई श्रद्धांजलि योजना की सराहना की।

राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सिकल सेल एनीमिया और टीबी मुक्त भारत अभियान, निरोगी काया अभियान, एयर एम्बुलेंस सेवा, मातृ एवं शिशु मृत्युदर में कमी, हर घर तक नल से जल की उपलब्धता, सांदीपनि विद्यालय और पीएमश्री कॉलेज जैसी कई उपलब्धियों का उल्लेख किया।

इस अवसर पर विधायक सागर शैलेन्द्र जैन, विधायक नरयावली प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, श्याम तिवारी, पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी और बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *