छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (एम.ए., एम.एससी., एम.कॉम. एवं एम.एच.एससी.) पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली पात्रता परीक्षा के कार्यक्रम में संशोधन किया है। यह परीक्षा उन अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है, जो स्नातक में लिए गए मेजर या माइनर विषय से अलग विषय में स्नातकोत्तर करना चाहते हैं।
आवेदन तिथि बढ़ाई गई
विश्वविद्यालय द्वारा जारी नवीन अधिसूचना के अनुसार, प्रवेश पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 1 मार्च से 10 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
भरे गए आवेदन पत्रों में त्रुटि सुधार की सुविधा 12 मार्च 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
29 मार्च को दो पालियों में परीक्षा
प्रवेश पात्रता परीक्षा 29 मार्च 2026 (रविवार) को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
प्रथम पाली (सुबह 11:00 बजे से 12:00 बजे तक)
रिपोर्टिंग समय: सुबह 10:00 बजे
विषय:
- एम.एससी. – बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, माइक्रोबायोलॉजी, भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र, गणित, वनस्पतिशास्त्र, प्राणिशास्त्र, भूगर्भशास्त्र
- एम.कॉम. – वाणिज्य
- एम.एच.एससी. – गृह विज्ञान

द्वितीय पाली (दोपहर 02:00 बजे से 03:00 बजे तक)
रिपोर्टिंग समय: दोपहर 01:00 बजे
विषय (एम.ए.):
- हिंदी
- अंग्रेजी
- संस्कृत
- राजनीतिशास्त्र
- समाजशास्त्र
- इतिहास
- अर्थशास्त्र
- भूगोल
- दर्शनशास्त्र
- संगीत
- चित्रकला
अलग-अलग आवेदन अनिवार्य
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रथम और द्वितीय पाली में शामिल विषयों के लिए अभ्यर्थियों को पृथक-पृथक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी।
परीक्षा पैटर्न
परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी और अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पर उत्तर अंकित करने होंगे। प्रश्नपत्र में कुल 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। विशेष बात यह है कि परीक्षा में कोई नकारात्मक अंकन नहीं किया जाएगा।
किन्हें नहीं देनी होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जो विद्यार्थी अपने स्नातक के मेजर या माइनर विषय से ही स्नातकोत्तर करना चाहते हैं, उन्हें इस पात्रता परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर सीधा प्रवेश दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समयसीमा के भीतर आवेदन करने और परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।