इंदौर के एरोड्रम इलाके में एक महिला कॉन्स्टेबल ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 28 वर्षीय प्रिया यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले की रहने वाली थीं और इंदौर डीआरपी लाइन में तैनात थीं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल भिजवाया।

घर में फांसी लगाई, मौके पर पहुंची पुलिस
एरोड्रम पुलिस के अनुसार, घटना शुभम नगर की है। प्रिया यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। अधिकारियों ने बताया कि रात में सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पति की मौत के बाद तनाव में थी, अनुकंपा पर मिली थी नौकरी
प्रिया के पति अमित कुमार की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद उन्हें पुलिस विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि पति की मौत के बाद से ही वह मानसिक तनाव में थीं।
लिव-इन पार्टनर से विवाद के बाद उठाया कदम?
प्रिया पिछले तीन साल से ट्रैफिक थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल कवींद्र यादव के साथ लिव-इन में रह रही थीं। कवींद्र यादव ने पुलिस को बयान में बताया कि वे दोनों जल्द शादी करने वाले थे, लेकिन बीते दिनों किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी चली आ रही थी।