महिला यातायात पुलिस को मिला विशेष प्रशिक्षण, सागर में ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने की पहल !

Spread the love

सागर। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने की दिशा में सागर पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक सागर श्री विकाश कुमार शाहवाल के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा एवं उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री मयंक सिंह चौहान के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम सागर में यातायात शाखा में नव पदस्थ महिला पुलिस कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा ने महिला यातायात पुलिस कर्मियों को शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं जनहितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन में महिला पुलिस कर्मियों की सक्रिय सहभागिता से न केवल यातायात अनुशासन मजबूत होगा, बल्कि आम नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास भी और अधिक सुदृढ़ होगा।

प्रशिक्षण सत्र में महिला पुलिस कर्मियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ई-चालान प्रणाली के प्रभावी, पारदर्शी और जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा के उपयोग से जवाबदेही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई। इसके अलावा ब्रीद एनालाइजर के सही एवं विधिसम्मत प्रयोग की व्यवहारिक जानकारी देकर सड़क दुर्घटनाओं और नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उपाय समझाए गए।

प्रशिक्षण के दौरान यातायात ड्यूटी के समय शालीन व्यवहार, सतर्कता, धैर्य एवं आत्मविश्वास के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों, मुख्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर यातायात संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की और उपस्थित अधिकारियों को ठोस एवं प्रभावी निर्देश भी दिए।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में यातायात प्रभारी श्री मोहन सिंह, सूबेदार श्री हेमंत पटेल, विनायक सोनी, प्रियंका बोरासी सहित यातायात शाखा में पदस्थ समस्त महिला पुलिस कर्मी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिला पुलिस कर्मियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए यह विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी।

महिला पुलिस कर्मियों ने कहा कि वे सागर शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अनुशासित यातायात व्यवस्था प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *