सागर (खुरई), 3 जून 2025 —
ग्राम सिलारपुर सोसायटी की एक महिला ने अपने साथ हो रहे यौन उत्पीड़न और सामाजिक उत्पीड़न की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। कविता अहिरवार, जो कि “आराधना स्व-सहायता समूह” की अध्यक्ष हैं, ने ग्राम पंचायत सिलारपुर की सरपंच के पुत्र नीलेश लोधी और पंचायत सचिव मुकेश अहिरवार पर छेड़छाड़, अनुचित प्रस्ताव देने तथा जातिगत भेदभाव करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

कविता अहिरवार ने बताया कि उनका समूह, जिसमें 14 महिलाएँ शामिल हैं और अधिकतर अनुसूचित जाति से आती हैं, को मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 8 जनवरी 2024 को स्कूलों में मिड-डे मील (खाना बनाने) की अनुमति मिली थी। लेकिन यह कार्य वर्तमान में पंचायत द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसमें सरपंच का हस्तक्षेप स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है।
कविता ने आरोप लगाया कि सरपंच के पुत्र नीलेश लोधी और सचिव मुकेश अहिरवार बार-बार उन्हें अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर बुलाते हैं, जहां वे उन्हें शारीरिक रूप से परेशान करते हैं और अश्लील भाषा का प्रयोग करते हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें अनुबंध पर हस्ताक्षर न करने की धमकी दी गई।

“मैं एक सम्मानित परिवार से हूँ, लेकिन अब चुप रहना मुश्किल हो गया है। सरपंच के पुत्र और सचिव जैसे पदाधिकारी अगर इस तरह की हरकत करें, तो अन्य महिलाओं को क्या न्याय मिलेगा?” — कविता अहिरवार ने कहा।
पीड़िता ने प्रशासन से माँग की है कि सरपंच के पुत्र नीलेश लोधी पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC/ST Act) के तहत मामला दर्ज किया जाए और सचिव मुकेश अहिरवार के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने ऐसे लोगों को उनके पद से हटाने की माँग की है जो अपनी पद की गरिमा को ठेस पहुँचा रहे हैं।

इस प्रकरण के उजागर होने के बाद ग्रामवासी भी दो पक्षों में बँटते नजर आ रहे हैं। कुछ ग्रामीणों ने कविता के समर्थन में आवाज उठाई है, जबकि कुछ ने सरपंच पक्ष का बचाव किया है। प्रशासन से इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष जांच की माँग की जा रही है।

इस विषय पर खुरई जनपद पंचायत और महिला आयोग की चुप्पी भी अब सवालों के घेरे में है। यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह मामला राज्य स्तर पर एक बड़ा मुद्दा बन सकता है।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237