सागर, 20 जून 2025
रहली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छिरारी में गुरुवार देर रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को दहला दिया। पारिवारिक विवाद ने उस समय भयानक रूप ले लिया जब एक व्यक्ति ने अपने ही भांजे पर सब्बल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हमले की वजह मामा और भांजे के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

घटना का विवरण
गुरुवार की रात करीब 11 बजे 28 वर्षीय गोलू उर्फ गौतम प्रजापति अपने घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसका मामा बबलू प्रजापति शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पुरानी बातों को लेकर गालीगलौज करने लगा। गोलू ने उसे रोकने की कोशिश की और डांटकर घर से बाहर निकाल दिया।
खाना खाने के बाद गोलू आंगन में पलंग पर सोने चला गया। लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि मामा बबलू मन में बदले की आग लेकर घर लौटेगा। देर रात वह लोहे की सब्बल लेकर लौटा और सोते हुए गोलू के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। सब्बल से हुए वार उसके चेहरे पर गहरे घाव के रूप में दिखाई दिए।
मां की चीखें और आरोपी की फरारी
गोलू की मां हल्ली बाई ने जब चीख-पुकार सुनी तो वह दौड़कर मौके पर पहुंचीं। बेटे को लहूलुहान हालत में देख वह जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। खुद को घिरता देख आरोपी बबलू मौके से भाग निकला।

अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर अवस्था में घायल गोलू को तुरंत रहली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर देखते हुए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही रहली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी बबलू प्रजापति की तलाश प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।

ग्रामीणों में रोष, परिवार में मातम
इस निर्मम हत्या से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। गोलू के परिजन और ग्रामीणों ने आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है। घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि नशा और घरेलू विवाद किस हद तक खतरनाक रूप ले सकते हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237