मालथौन में संजीवनी क्लीनिक का लोकार्पण, भूपेन्द्र सिंह ने कहा – “स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर है विशेष ध्यान” !

Spread the love

मालथौन। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मालथौन में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का लोकार्पण करते हुए कहा कि क्षेत्र के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस क्लीनिक के माध्यम से गरीब बस्तियों के निवासियों को प्राथमिक उपचार सुविधा सुलभ होगी, जिससे छोटी-छोटी बीमारियों के लिए अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

श्री सिंह ने कहा कि मालथौन स्वास्थ्य केंद्र को उन्नत बनाने के लिए नया भवन, डॉक्टरों के क्वार्टर, एम्बुलेंस सेवा और अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि “यहां कुछ ऐसी मशीनें हैं जो पूरे जिले में कहीं और उपलब्ध नहीं हैं।” साथ ही, नगर पालिका के सहयोग से अस्पताल तक पहुंच मार्ग, पार्क और पेयजल व्यवस्था भी विकसित की गई है।

विधायक ने गंभीर रोगियों के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि डॉक्टरों व स्टाफ की कमी को दूर करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने एसडीएम और चिकित्सा अधिकारियों से नियमित निरीक्षण करने का आग्रह किया। सेवा भाव पर जोर देते हुए उन्होंने अपने जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर का उदाहरण दिया, जहां इस वर्ष 1,600 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के बाद श्री सिंह ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत की। इस अवसर पर एसडीएम, चिकित्सा अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि “सागर के पुराने जिला अस्पताल की तरह सेवा भाव से कार्य करें, तो कोई कारण नहीं कि मालथौन का यह केंद्र भी उत्कृष्ट न बने।”

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन 

7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *