मालथौन में सेल्स टैक्स विभाग की बड़ी कार्रवाई, ई-वे बिल चोरी करते तीन ट्रक जब्त !

Spread the love

सागर। वाणिज्यिक कर विभाग (सेल्स टैक्स) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-वे बिल में अनियमितता और टैक्स चोरी के संदेह में तीन ट्रकों को पकड़ा है। ये ट्रक दिल्ली से माल लोड कर छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश की ओर जा रहे थे। मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर मालथौन चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर टीम ने ट्रकों को रोका और कार्यालय लाकर विस्तृत जांच की।

सेल्स टैक्स के एसीटीओ प्रसन्न जैन ने बताया कि पकड़े गए तीन ट्रकों में से एक दिल्ली के तीव्रगति ट्रांसपोर्ट और दो प्रगति ट्रांसपोर्ट कंपनी के हैं। जांच के दौरान ट्रकों में स्टील, कॉपर, रंगोली और परचून का भारी भरकम सामान भरा मिला, लेकिन ई-वे बिल सहित आवश्यक दस्तावेज पूर्ण नहीं होने के कारण विभाग ने पेनल्टी की कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के तहत ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीडी 2926 पर 1.52 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई है। अन्य दो ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीबी 6750 और आरजे 11 जीसी 1150 पर भी नियमों के उल्लंघन के चलते जुर्माना तय किया जा रहा है।

ट्रक ड्राइवर धर्मेंद्र रावत और अजय ने बताया कि वे दिल्ली से माल लेकर निकले थे और ट्रकों को आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा एवं छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंचाना था। ड्राइवरों ने बताया कि ट्रकों में परचून और अन्य सामान लदा है तथा विभाग द्वारा पकड़े जाने के बाद पिछले चार दिनों से ट्रक कार्यालय परिसर में ही खड़े हैं और जांच जारी है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में माल परिवहन और दस्तावेजी नियमों को लेकर विभाग की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *