कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत एस.डी.एम. बंडा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बंडा के बरा बस स्टैंड पर बड़ी कार्रवाई की।

इस दौरान एक इलेक्ट्रिक वाहन से ले जाई जा रही लगभग 5 क्विंटल मिक्स केक एवं बाइट बर्फी जब्त की गई, जिनमें लेबलिंग की गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। उत्पाद पर निर्माण तिथि, बैच नंबर आदि अंकित नहीं थे।
जप्त सामग्री में हरे कृष्णा व्हाइट बर्फी 200 किलोग्राम और न्यू राधिका निशा केक 300 किलोग्राम शामिल थे, जिन्हें 10 और 4 किलो के पैकेटों में भरकर 10 बोरियों में ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन को जप्त किया और खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों उत्पादों के नमूने लेकर शेष सामग्री को सील कर कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम हेतु इस प्रकार की सतत निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।