मुख्यमंत्री आगमन: खुरई में रथ सभा, युवाओं ने नशामुक्ति का संकल्प लिया !

Spread the love

बरौदिया कलॉ। आगामी 10 जनवरी को खुरई नगर में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संभावित आगमन को लेकर खुरई विधानसभा क्षेत्र में भव्य स्वागत की तैयारियों के तहत रथ सभा का आयोजन किया गया। यह रथ सभा ग्राम रजवांस (बरौदियाकलां), बंगेला (बरौदियाकलां), ललोई (बरौदियाकलां), उजनेठ (धनोरा) और धनोरा से होकर निकाली गई।

इस अवसर पर युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का स्वागत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि देश के 60 प्रतिशत से अधिक युवा 21 वर्ष से कम आयु में नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जो युवाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और सोचने की क्षमता को प्रभावित करता है और समाज को नैतिक रूप से कमजोर बनाता है। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया। रथ सभा में उपस्थित युवाओं ने नशामुक्ति का संकल्प लिया।

अविराज सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इसके तहत खुरई विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के सुझाव प्राप्त करने हेतु एक व्हाट्सएप नंबर 9893439855 जारी किया गया है। इस नंबर पर लोग क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों और कमियों के सुझाव भेज सकते हैं, जिनके आधार पर मुख्यमंत्री से क्षेत्र के विकास को और गति देने का अनुरोध किया जाएगा।

युवा नेता ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र प्रदेश में विकास के मामले में अग्रणी स्थान रखता है, लेकिन अभी भी कई महत्वपूर्ण कार्य शेष हैं। पार्कों का विकास, स्कूलों का सुदृढ़ीकरण, सड़कों और नालियों का निर्माण, मंदिरों का जीर्णोद्धार तथा बीना नदी का जल सभी हिस्सों तक पहुंचाना आवश्यक है। इसके साथ ही शिक्षा प्रणाली में सुधार, चिकित्सालयों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, नए उद्योगों की स्थापना और युवाओं के लिए रोजगार सृजन प्राथमिकता में शामिल हैं।

अविराज सिंह ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने जनता के जीवन को बेहतर बनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं, जिससे देश की प्रगति स्पष्ट होती है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम लला का भव्य मंदिर निर्माण ऐतिहासिक उपलब्धि है। भाजपा का संकल्प “विकास भी और विरासत भी” है। इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास, किसान सम्मान निधि और महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने सेवा को समाज और राष्ट्र की मजबूती का आधार बताया और कहा कि संस्कृति हमें “सेवा ही परम धर्म” का संदेश देती है।

रथ सभा के दौरान अविराज सिंह ने बरोदियाकलां और धनोरा क्षेत्रों में श्रीराम कथा एवं नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र वितरित किए। रुद्राक्ष धाम, सागर में 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक श्रीराम कथा और 1 फरवरी को नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम प्रस्तावित है। पं. श्री प्रेमभूषण जी महाराज श्रद्धालुओं को प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक भगवान श्रीराम की कथा सुनाएंगे।

अविराज सिंह ने यह भी बताया कि प्रदेश में अप्रैल 2027 तक 10 हजार नई सरकारी बसें संचालित की जाएंगी और भारत इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है। देश ने 5जी और 6जी तकनीक को सबसे कम समय में अपनाकर तकनीकी क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

इस कार्यक्रम में नीतेश यादव मंडल अध्यक्ष, प्रदीप दुबे न.प उपाध्यक्ष, चुन्नीलाल कुशवाहा न.प. अध्यक्ष, संतोष पुजारी, बलराम सिंह ठाकुर पार्षद, दिलीप अहिरवार पार्षद, साहब सिंह चंदेल युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, राजकुमार रिछारिया, राजपाल सिंह धनौरा मंडल अध्यक्ष, निरंजन सिंह ठाकुर महामंत्री सहित सैकड़ों स्थानीय नेता, प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने मिलकर सुनिश्चित किया कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न हो, और आम जनता की सुविधा, सुरक्षा तथा सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता में रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *