सागर।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के आगामी 10 जनवरी को खुरई आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में खुरई के दीपाली सभागार में विधानसभा क्षेत्र के सभी शक्ति केंद्र प्रभारियों, सह-प्रभारियों एवं बूथ प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसे पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने संबोधित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह कार्यक्रम सागर जिले में अब तक आयोजित सभी कार्यक्रमों से कहीं अधिक भव्य और ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ जुट जाएं।

मुख्यमंत्री के दौरे की रूपरेखा की दी जानकारी
पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह ने मुख्यमंत्री के खुरई दौरे की विस्तृत रूपरेखा बताते हुए कहा कि 10 जनवरी को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुरई के गुलाबरा स्थित स्टेडियम हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके पश्चात वे रैली के रूप में श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, परसाचौराहा, झंडा चौक सहित खुरई के प्रमुख मार्गों से होते हुए कृषि उपज मंडी के समीप स्थित बड़े मैदान में पहुंचेंगे, जहां विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। यह कार्यक्रम खुरई विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक नया अध्याय साबित होगा।

खुरई के विकास को मिलेगी नई गति
पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इससे पूर्व लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री जी खुरई आए थे, लेकिन आचार संहिता लागू होने के कारण तब किसी नए विकास कार्य की घोषणा, भूमिपूजन या लोकार्पण संभव नहीं हो सका था। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार मुख्यमंत्री के आगमन से खुरई विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी लंबित विकास अपेक्षाएं पूरी होंगी।
बैठक में कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया कि वे 2 जनवरी तक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण और व्यापक जनहित के विकास कार्यों की सूची उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जा सके।
परंपरागत अंदाज में होगा मुख्यमंत्री का स्वागत
पूर्व गृहमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री का स्वागत खुरई की विशिष्ट परंपरा और संस्कृति के अनुरूप किया जाएगा। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और रुद्राक्षधाम मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाली कथा के आमंत्रण पत्र खुरई विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचाए जाएंगे। कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी होगी।
शहरी क्षेत्रों में फ्लेक्स, होर्डिंग, कटआउट लगाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में दीवार लेखन के माध्यम से मुख्यमंत्री के आगमन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
कोर समितियों की भूमिका पर जोर
बैठक में श्री भूपेन्द्र सिंह ने मंडल स्तर पर गठित कोर समितियों की भूमिका और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपते हुए कहा कि नेतृत्व क्षमता वाले और अधिक जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोर समितियां अपने क्षेत्रों में योजनागत कार्यों एवं संस्थाओं के संचालन की निगरानी करें। साथ ही जुआ, सट्टा और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों से दूरी बनाए रखें और किसी भी प्रकार की सिफारिश न करें। उन्होंने बताया कि ऐसे तत्वों से दूरी बनाए रखने के लिए उन्होंने स्वयं माला न पहनने का संकल्प लिया है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
बैठक में मंच पर मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, अरविंद सिंह लोधी, राजपाल सिंह राजपूत, नीतेश यादव, रविन्द्र सिंह राजपूत, लक्ष्मण सिंह लोधी एवं रामकुमार बघेल उपस्थित रहे।
वहीं शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं में राजेन्द्र यादव, काशीराम अहिरवार, राजू चंदेल, राम शास्त्री, बलवीर सिंह, हल्के भाई सिंह, देवी सिंह, माधव सिंह, महेंद्र यादव, संतोष पटेल, राहुल सिंह, राजकुमार सिंह, लक्ष्मीकांत यादव, उमेश राय, जितेन्द्र सिंह, उदयपाल यादव, हरीशंकर कुशवाहा, रावराजा राजपूत, देशराज लोधी, निरंजन सिंह, आर.सी. दुबे, गोपाल नेमा, अजमेर सिंह, तिलक सिंह, माखन घोषी, बंटी पटेरिया, माखन कुर्मी, अंकित सिंह, नरेंद्र द्विवेदी, राजकुमार राजपूत, गोलू राय, इन्द्रकुमार राय सहित विधानसभा क्षेत्र के समस्त शक्ति केंद्र प्रभारी, सहप्रभारी, बूथ समिति प्रभारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के संकल्प के साथ किया गया।