मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित हटा दौरे की तैयारियों का कमिश्नर और आईजी ने लिया जायजा !

Spread the love

सागर, 09 मार्च 2026।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दमोह जिले के हटा नगर में आयोजित होने वाले महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के तहत 11 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रस्तावित भ्रमण तय किया गया है। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) हिमानी खन्ना ने हटा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान हटा विधायक उमादेवी खटीक, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, गोपाल पटैल, लालचंद खटीक, दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार भदौरिया, एडीएम राकेश मरकाम सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कमिश्नर अनिल सुचारी और आईजी हिमानी खन्ना ने सबसे पहले मॉडल स्कूल के पास बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने गौरीशंकर मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को देखा।

तदोपरांत अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल दद्दा जी मंच का निरीक्षण किया। यहां पंडाल व्यवस्था, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग स्थल और पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। कमिश्नर सुचारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए।

इस अवसर पर विधायक उमादेवी खटीक ने कहा कि हटा नगर के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री इस दौरान क्षेत्र में स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। साथ ही महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल होकर महिलाओं को संबोधित करेंगे।

दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि अधिकारियों द्वारा हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक के मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और मार्ग में चल रहे कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर कोचर ने यह भी बताया कि सभी तैयारियां 10 मार्च की रात तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का औपचारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सागर जिले से प्रस्थान कर अपरान्ह लगभग 3 बजे हटा पहुंचेंगे और शाम लगभग 4:30 बजे यहां से प्रस्थान करेंगे।

पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि कमिश्नर और आईजी द्वारा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड, मार्ग व्यवस्था, मंदिर परिसर और आमसभा स्थल से संबंधित व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के अनुसार प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक बदलाव और तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा लगातार तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *