मुख्यमंत्री मोहन यादव 11 मार्च को आएंगे सागर: ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का करेंगे उद्घाटन, रोजगार मेले में भी होंगे शामिल !

Spread the love

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 11 मार्च को सागर के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री यहां ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का उद्घाटन करेंगे और रोजगार मेले का शुभारंभ भी करेंगे। उनके साथ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहेंगे।

दोपहर 12.30 बजे पहुंचेगे कार्यक्रम स्थल

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दोपहर करीब 12.30 बजे प्रस्तावित है। वे नरयावली रोड स्थित जेरई के पास बने विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचकर यूनिवर्सिटी का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके बाद रोजगार मेले का शुभारंभ भी किया जाएगा, जहां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न कंपनियां हिस्सा लेंगी।

विश्वविद्यालय से शिक्षा और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी सागर जिले और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का बेहतर केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। सागर में ही आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिवर्ष रोजगार मेले और प्लेसमेंट गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की योजना है। इस पहल से क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिलने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर हेलीपैड, मंच व्यवस्था, पार्किंग, बैठक व्यवस्था और आवागमन मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर संदीप जीआर, एसडीएम अमन मिश्रा, ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति आदित्य सिंह राजपूत समेत अन्य अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

युवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा कार्यक्रम

प्रशासन का मानना है कि इस दौरे और कार्यक्रम से क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं के भाग लेने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारी पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से कार्यक्रम के दौरान सहयोग बनाए रखने और यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *