मुरैना में बीजेपी नेता की कार से दर्दनाक हादसा, 5 लोगों को रौंदा, 2 की मौत !

Spread the love

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। पोरसा थाना क्षेत्र के जौटाई रोड पर बीजेपी नेता द्वारा तेज रफ्तार कार से पांच लोगों को कुचल दिए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी नेता की मौके पर ही जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

घर के बाहर आग ताप रहे थे लोग, तभी हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जौटाई रोड पर कुछ लोग अपने घर के बाहर ठंड से बचने के लिए आग ताप रहे थे। इसी दौरान बीजेपी नेता दीपेंद्र भदोरिया अपनी कार से वहां पहुंचे और अनियंत्रित वाहन ने पांचों लोगों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर दो घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर अस्पताल में इलाज के दौरान रामदत्त राठौर और अर्णव लक्षकार ने आज सुबह दम तोड़ दिया।

आरोपी बीजेपी नगर मंडल का पूर्व उपाध्यक्ष

घटना के बाद जैसे ही ग्रामीणों को पता चला कि कार चालक बीजेपी नेता दीपेंद्र भदोरिया है, गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने मौके पर ही आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस को सूचना देकर उसे उनके हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी बीजेपी नगर मंडल का पूर्व उपाध्यक्ष रह चुका है।

नेशनल हाईवे पर चक्काजाम, पुलिस पर भी सवाल

हादसे और मौतों के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतकों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी को पुलिस के सुपुर्द करने के बाद थाने से भगा दिया गया, हालांकि पुलिस ने इस आरोप से इनकार किया है।

पुलिस जांच में जुटी, इलाके में तनाव

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों, वाहन की रफ्तार और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना को लेकर पूरे इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है और लोग पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रभावशाली लोगों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *