मैहर (मध्य प्रदेश)। मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नादन क्षेत्र के ग्राम तिलोरा के पास प्रयागराज जा रही ट्रैक्स क्रूजर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्स क्रूजर (MP 20 ZY 2807) में करीब 20 यात्री सवार थे। सभी कटनी के एनकेजे पकरिया से 4 जनवरी से शुरू होने वाले माघ मेले में शामिल होने प्रयागराज जा रहे थे। हाईवे पर कंटेनर में पीछे से टक्कर होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एम्बुलेंस से मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने धोंगा पटेल (50) और वाहन चालक जितेंद्र प्यासी (24) को मौके पर मृत घोषित किया। एक महिला की कटनी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घायलों में जगदीश पटेल, रामसहाय पटेल, राम प्रताप पटेल, मैंगो भाई पटेल, श्याम सुंदर पटेल, ओम पटेल, कृष्णा पटेल, सत्य प्रकाश पटेल, सत्यभान पटेल, संतलाल पटेल, सत्यम पटेल और रामप्रता पटेल शामिल हैं। घायलों का इलाज मैहर सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल में जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कंटेनर चालक फरार, जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। टक्कर के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। सिविल अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर जितेंद्र तिवारी के अनुसार, सभी घायलों का उपचार जारी है।