ग्वालियर में यातायात नियमों के उल्लंघन और बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस ने शनिवार दोपहर बड़ी कार्रवाई की। कम्पू थाना क्षेत्र के शिंदे की छावनी स्थित ऑटोमोबाइल बाजार में मोडिफाइड साइलेंसर बेचने वाली तीन दुकानों पर छापेमारी कर कुल 61 मोडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए।
यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ओडो ऑटोमोबाइल, अजंता ऑटोमोबाइल और कप्तान ऑटोमोबाइल के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक दुकानदार पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इस तरह कुल तीन लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है। यह कार्रवाई एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल के निर्देश पर की गई।
कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे अन्य दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित किया गया, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।