मोतीनगर में दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला !

Spread the love

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र से दुष्कर्म का एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। 28 वर्षीय विवाहिता के साथ उसके ही पति के दोस्त द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मोतीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसके पति किसी मामले में बीते दिनों जेल में बंद थे। इसी दौरान पति का करीबी दोस्त देवा विश्वकर्मा (26), जिसका घर पर पहले से आना-जाना था, भरोसे का फायदा उठाते हुए किसी काम का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया।

दोस्तों के कमरे में तीन दिन तक रखा, बनाया हवस का शिकार

पीड़िता के आरोपों के अनुसार, देवा विश्वकर्मा उसे अपने दो अन्य साथियों प्रकाश और रवि अहिरवार के कमरे पर ले गया। वहां आरोपियों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसे करीब तीन दिनों तक उसी कमरे में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान वह डरी-सहमी रही और किसी तरह मदद नहीं मिल सकी।

मौका मिलते ही पीड़िता वहां से किसी तरह भाग निकलने में सफल रही और अपने घर पहुंची।

पति के बाहर आते ही दर्ज कराई शिकायत

पति के जेल से बाहर आने के बाद महिला ने पूरी आपबीती उसे बताई। इसके बाद पति अपनी पत्नी को लेकर मोतीनगर थाने पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल जांच शुरू की।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी देवा विश्वकर्मा सहित उसके सहयोगी प्रकाश और रवि अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सोमवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।

टीआई का बयान

मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया,
“दुष्कर्म के गंभीर मामले में मुख्य आरोपी और दो सहआरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।”

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *