सागर | नरयावली विधानसभा क्षेत्र की पुरानी सदर निवासी यामिनी मौर्य ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। इंफाल (मणिपुर) में 11 से 15 दिसंबर तक आयोजित राष्ट्रीय सीनियर महिला एवं पुरुष जूडो प्रतियोगिता में यामिनी ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ ही यामिनी मौर्य का चयन कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय राष्ट्रीय जूडो टीम में कर लिया गया है। यामिनी की सफलता पर विधायक प्रदीप लारिया, उनके माता-पिता हरिओम एवं मिथलेश मौर्य, तथा कोच दीपक कुमार ने खुशी और गर्व व्यक्त किया।
यह जानकारी जिला जूडो संघ के सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक दीपक कुमार ने दी। यामिनी की यह उपलब्धि जिले के खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।