युवक पर जानलेवा हमला, छह आरोपियों को गिरफ्तार, अन्य फरार !

Spread the love

सागर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय राज पाठक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

घटना में राज पाठक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन नाजुक हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया। हमले में राज के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई थीं।

पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर थाना कोतवाली में भारतीय दंड संहिता की हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया।

गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुशवाहा उर्फ चखना, चंदू उर्फ चिंकुल उर्फ चंद्रप्रकाश, भगवानदास उर्फ हल्के, रामप्रसाद उर्फ भज्जू, पप्पू उर्फ हरदास और उसकी पत्नी शामिल हैं। सभी आरोपी वार्ड क्रमांक 38, पठापुर रोड के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों में भज्जू पर पहले से तीन मारपीट के मामले, चंदू और चखना पर दो-दो मामले और हल्के पर भी पहले मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों का जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया और उन्हें न्यायालय में पेश किया।

थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि कुछ दिनों पहले एक मैरिज गार्डन में हुए विवाद के बाद आठ लोगों ने युवक के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हुई थीं। वर्तमान में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *