रतलाम में देह व्यापार का भंडाफोड़: पश्चिम बंगाल की युवती से जबरन धंधा करवाने वाला दंपती गिरफ्तार !

Spread the love

रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत अलकापुरी इलाके में पुलिस ने एक घर में चल रहे देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यहां पश्चिम बंगाल की 21 वर्षीय युवती से जबरन देह व्यापार करवाने वाले दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपी पत्नी को जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके पति को कोर्ट से एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

काम की तलाश में आई थी रतलाम, धोखे से धंधे में धकेला

पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित युवती पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में कोई सहारा नहीं है। वह दिल्ली में मंदिरों के आसपास रहकर जीवनयापन कर रही थी। कुछ दिन पहले वह खाटू श्याम के दर्शन के लिए गई थी, जहां उसकी मुलाकात एक बुजुर्ग व्यक्ति से हुई। उस व्यक्ति ने उसे काम दिलाने का झांसा देकर रतलाम की सविता आडवानी का मोबाइल नंबर दिया।

बुजुर्ग के कहने पर युवती ने सविता से संपर्क किया। सविता ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और रतलाम बुला लिया। युवती 7 जनवरी को दिल्ली से ट्रेन के जरिए रतलाम पहुंची थी, जिसका रेल टिकट पुलिस को बरामद हुआ है। सविता खुद रेलवे स्टेशन पर युवती को लेने पहुंची थी।

घर पहुंचते ही कहा– कस्टमर को सर्विस देनी होगी

आरोप है कि सविता युवती को अपने घर लेकर आई और साफ शब्दों में कहा कि यहां कस्टमर आते हैं और तुम्हें उन्हें “सर्विस” देनी पड़ेगी। सविता ने यह भी कहा कि जो पैसा मिलेगा, उसका आधा हिस्सा युवती को दिया जाएगा। युवती ने इसका विरोध किया, लेकिन उसे धमकाकर घर में ही रखा गया।

पुलिस के अनुसार 7 जनवरी से 11 जनवरी तक युवती को घर के अंदर बंद कर रखा गया और उससे जबरन देह व्यापार कराया गया। इस दौरान उसे बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई। कोर्ट में युवती के बयान दर्ज करा दिए गए हैं। फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। युवती पढ़ी-लिखी नहीं है और पुलिस उसके परिवार व पृष्ठभूमि से जुड़ी और जानकारी जुटा रही है।

मोबाइल में मिलीं कई अन्य लड़कियों की तस्वीरें

पुलिस को आरोपी दंपती के मोबाइल फोन की जांच में कई अन्य लड़कियों की तस्वीरें भी मिली हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यह दंपती पहले भी देह व्यापार में कई युवतियों को शामिल कर चुका है। जांच में यह भी सामने आया है कि ग्राहकों के लिए 1000 से 1500 रुपए का रेट तय किया गया था।

मकान के तीन कमरों में से दो कमरों में अलग-अलग बेड लगाए गए थे, जहां देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल और चैट हिस्ट्री खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घर पर कौन-कौन ग्राहक आता था और इस धंधे से और कौन लोग जुड़े हुए हैं।

पुलिस ने पंटर भेजकर की कार्रवाई

औद्योगिक थाना पुलिस को अलकापुरी क्षेत्र में स्थित ‘रामकुटी’ लिखे मकान में देह व्यापार की सूचना मिली थी। रविवार शाम कार्रवाई से पहले पुलिस ने एक पंटर (फर्जी ग्राहक) को रुपए देकर मकान में भेजा। जैसे ही आरोपी अशोक कुमार (48) ने पंटर से रुपए लेकर अपनी पत्नी सविता (41) को दिए, पुलिस को संकेत मिला और तत्काल दबिश देकर मकान में छापा मार दिया गया।

छापे के दौरान दंपती और युवती को हिरासत में ले लिया गया। थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है, जबकि पति को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *