रहली बस स्टैंड पर स्व. नईम हुसैन खान की स्मृति में वाटर कूलर भेंट !

Spread the love

रहली। भीषण गर्मी के बीच बस स्टैंड क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए वार्ड क्रमांक 13 निवासी अलीम खान ने अपने बड़े भाई स्वर्गीय नईम हुसैन खान (मुंडे मासाब) की स्मृति में बस स्टैंड परिसर में एक वाटर कूलर भेंट किया है। मंगलवार को आयोजित एक सादे समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष देवराज सोनी ने फीता काटकर वाटर कूलर का विधिवत शुभारंभ किया।

श्रद्धांजलि का अनोखा रूप

इस अवसर पर मौजूद नागरिकों ने कहा कि स्व. नईम हुसैन खान समाजसेवी प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और लोगों के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहते थे। ऐसे में उनके छोटे भाई द्वारा सार्वजनिक स्थल पर वाटर कूलर भेंट करना सच्ची श्रद्धांजलि है। लोगों का मानना है कि गर्मी के दिनों में यह पहल यात्रियों, बस चालकों, विद्यार्थियों और आसपास के दुकानदारों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

गर्मी में मिलेगी राहत

गौरतलब है कि इन दिनों तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। बस स्टैंड जैसे व्यस्त स्थानों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नए वाटर कूलर की स्थापना से अब स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

जनसेवा के कार्य की सराहना

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने अलीम खान के इस पावन कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज के सक्षम लोग इसी प्रकार आगे आकर सार्वजनिक सुविधाओं के लिए सहयोग करें, तो नगर की व्यवस्थाएं और सुदृढ़ हो सकती हैं।

समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने स्व. नईम हुसैन खान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *