रहली में किराना दुकान में लाखों की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार |

Spread the love

सागर। रहली थाना क्षेत्र के गांधी चौक बस स्टैंड के पास स्थित एक किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया गुटखा, सिगरेट, नकदी से संबंधित दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की गई है।

घटना कैसे हुई

थाना प्रभारी सुनील शर्मा के अनुसार 14 फरवरी को फरियादी नीरज कुमार जैन निवासी साहू कॉलोनी, रहली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी की रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे।

अगली सुबह करीब 9:30 बजे उनके छोटे भाई नीतेश जैन दुकान खोलने पहुंचे तो छोटी शटर के दोनों ताले खुले मिले, जबकि दूसरी शटर सुरक्षित थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर देखा तो दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

क्या-क्या चोरी हुआ

सामान की जांच में अलग-अलग कंपनियों की करीब 50 विंडल सिगरेट, 100 बड़े गुटखा पैकेट, 200 छोटे गुटखा पैकेट, अन्य छोटे पैकेट, काउंटर में रखी नकदी, बिल-बुक, उधारी डायरी तथा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर गायब मिले।

सीसीटीवी से मिला सुराग

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखाई दी। मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त वाहन सागर से रानगिर की ओर जा रहा है।

मंगलवार को पुलिस ने रानगिर रोड पर घेराबंदी कर कार को रोका। वाहन में सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

आरोपी सागर के निवासी

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आकाश (19), आजाद (20) और इरफान अली उर्फ मस्कट (18) निवासी सागर बताए। कार की तलाशी लेने पर उसमें चोरी गया गुटखा और सिगरेट बरामद हुआ। आरोपियों ने रहली बस स्टैंड के पास किराना दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का अन्य वारदातों में हाथ तो नहीं है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *