रहली: सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन फूटी, राहगीरों का निकलना हुआ मुश्किल !

Spread the love

रहली नगर में कॉलेज रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान की गई खुदाई अब आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन गई है। गुणाकर पार्क के आसपास मौजूद जलापूर्ति पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से सड़क का बड़ा हिस्सा पानी से भर गया है, जिससे पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। इस स्थिति के कारण राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए की गई खुदाई के दौरान भूमिगत पाइपलाइनों पर ध्यान नहीं दिया गया। गुणाकर पार्क के पास पानी की टंकी होने के कारण यहां जलापूर्ति की मुख्य लाइनें पहले से बिछी हुई हैं। खुदाई के दौरान पाइपलाइन फूटने से लगातार पानी बहता रहा, जिससे सड़क पर कई स्थानों पर जलभराव हो गया और कीचड़ फैल गया।

हालांकि क्षेत्र से परिचित लोग पैदल या दोपहिया वाहनों से स्टेडियम के सामने बने सीसी रोड का उपयोग कर निकल रहे हैं, लेकिन अनजान राहगीरों को पानी और दलदल से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे फिसलने और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।

इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी हो रहे हैं। छुट्टी के समय बड़ी संख्या में विद्यार्थी पैदल और साइकिल से इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क पर पानी और कीचड़ होने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है, जिससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका का अमला जल प्रभारी विनोद रैंकवार के नेतृत्व में दिन-रात पाइपलाइन सुधार कार्य में जुटा हुआ है। जल प्रभारी विनोद रैंकवार ने बताया कि पुरानी और जर्जर पाइपलाइन फूटने के कारण यह स्थिति बनी है, इसलिए अब वहां नई पाइपलाइन डाली जा रही है। जल्द ही सुधार कार्य पूरा कर सड़क से पानी निकाल दिया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण जैसे कार्यों के दौरान भूमिगत सुविधाओं का सर्वे कर सावधानी बरती जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या से आमजन को जूझना न पड़े। फिलहाल लोग जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *