उदयपुर/जोधपुर: राजस्थान हाईकोर्ट ने फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट, उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट और एक अन्य आरोपी मेहबूब अंसारी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। हाईकोर्ट ने कहा कि इस स्तर पर जमानत देना उचित नहीं होगा, क्योंकि मामले में अभी जांच चल रही है और आरोपियों द्वारा गवाहों को प्रभावित किए जाने का खतरा है।
यह फैसला जस्टिस विनोद कुमार भारवनी की अध्यक्षता में सुनवाई के दौरान सुनाया गया। इस दौरान विशिष्ट लोक अभियोजक ने जमानत आवेदन का विरोध करते हुए कहा कि प्रार्थी मामले में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और गवाहों पर दबाव डालने की आशंका है।
क्या है मामला: 30 करोड़ की कथित धोखाधड़ी
उदयपुर के इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया ने 17 नवंबर 2024 को विक्रम भट्ट और उनके सहयोगियों के खिलाफ 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई थी।
डॉ. मुर्डिया का आरोप है कि उनकी मुलाकात एक इवेंट के दौरान दिनेश कटारिया से हुई, जिन्होंने उनकी पत्नी की बायोपिक बनाने का प्रस्ताव रखा। 24 अप्रैल 2024 को उन्हें मुंबई के वृंदावन स्टूडियो बुलाया गया, जहां विक्रम भट्ट से बायोपिक पर चर्चा हुई।

कुछ ही दिनों बाद, विक्रम और श्वेतांबरी भट्ट ने उन्हें कहा कि 7 करोड़ रुपये का निवेश करके 4 फिल्में 47 करोड़ में बनाई जा सकती हैं, जिनसे 100 से 200 करोड़ रुपये का मुनाफा हो सकता है। इसके बाद आरोपियों ने विभिन्न नामों और अकाउंट्स के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करवाए।
जांच में सामने आया विवरण
- जांच में पाया गया कि आरोपियों ने अलग-अलग फर्जी बिल बनाकर शिकायतकर्ता से कुल 4 करोड़ 23 लाख 13 हजार 424 रुपये लिए।
- इसमें से 1 करोड़ 65 लाख 69 हजार 955 रुपये अपने खातों में डालकर कर्ज चुकाने में इस्तेमाल किए।
- आरोप है कि उन्होंने केवल दो फिल्में पूरी की और रिलीज़ की, तीसरी फिल्म विश्व विराट लगभग 25% पूरी हुई और चौथी फिल्म महाराणा-रण की शूटिंग भी शुरू नहीं हुई। इसके बावजूद 25 करोड़ रुपये हड़प लिए गए।
विशिष्ट लोक अभियोजक ने कहा कि प्रार्थी द्वारा गवाहों पर दबाव डाले जाने के सबूत मिले हैं और महत्वपूर्ण पूछताछ अभी बाकी है। इसलिए जमानत आवेदन खारिज किया जाना चाहिए।

जमानत खारिज
हाईकोर्ट ने श्वेतांबरी वी. भट्ट, विक्रम भट्ट और मेहबूब अंसारी की जमानत याचिकाओं को निरस्त कर दिया।
एफआईआर में नामजद आरोपी
डॉ. अजय मुर्डिया की रिपोर्ट के अनुसार, एफआईआर में निम्नलिखित लोग आरोपी हैं:
- विक्रम भट्ट – फिल्म डायरेक्टर
- श्वेतांबरी भट्ट – पत्नी
- कृष्णा भट्ट – बेटी
- दिनेश कटारिया – उदयपुर निवासी
- मेहबूब अंसारी – प्रोड्यूसर, ठाणे
- मुदित बुट्टान – दिल्ली
- गंगेश्वरलाल श्रीवास्तव – डीएससी चेयरमैन
- अशोक दुबे – जनरल सेक्रेटरी, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज, मुंबई