सागर।
प्रदेश के केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विकासखंड राहतगढ़ के ग्राम उमरियासेमरा, चंदनहारी, हिनौतियाकलां एवं मानकीसलैया में 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान सशक्त और सम्मानजनक बनी है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश समावेशी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास को धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और नारी—ये चार स्तंभ सरकार की विकास नीति के केंद्र में हैं। इन्हीं वर्गों के समग्र सशक्तिकरण के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि हर गरीब के सिर पर पक्की छत हो, हर घर में बिजली, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

मंत्री राजपूत ने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने गरीब वर्ग के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का संचार किया है। अब गरीब केवल सहायता का पात्र नहीं, बल्कि विकास की मुख्यधारा में सहभागी बन रहा है। किसानों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सरकार ने राहत के साथ-साथ भविष्य की मजबूत नींव रखी है। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सिंचाई परियोजनाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि देश की आर्थिक रीढ़ के रूप में उभर रहा है।
युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाया जा रहा है। सरकार का विश्वास है कि जब युवा सशक्त होगा, तभी भारत विश्व गुरु के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगा।

इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने 5.20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मार्ग की घोषणा की, जिससे लालबाग, उमरियासेमरा, सागौनीखुर्द, कोरजा, टेहरा-टेहरी, कालीपठार, सेनकुआं, महुआखेड़ागौंडी सहित लगभग 20 से अधिक ग्रामों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ग्राम उमरियासेमरा, चंदनहारी, हिनौतियाकलां एवं मानकीसलैया में मंगल भवन, सीसी रोड, बाउंड्रीवाल, सामुदायिक भवन, रविदास मंदिर चबूतरा, शासकीय प्राथमिक शाला में सुधार कार्य सहित 20 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री राजपूत ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए सरकार और मंत्री का आभार व्यक्त किया।